2012 में भाजपा की सत्ता में वापसी तय-निशंक

सोमवार, 9 मई 2011

2012 में भाजपा की सत्ता में वापसी तय-निशंक

देश के हिमालयी बेल्ट में सबसे तेजी से विकसित होने और छोटे राज्य के बावजूद कई मामलों में देश का नंबर वन राज्य बन चुके ,लेकिन 2012 में चुनावी महाभारत झेलने को तैयार,उत्तराखंड को 2020 तक देश का मॉडल स्टेट बनाने का संकल्प जताने वाले प्रदेश के मुख्यमंत्री डा. रमेश पोखरियाल निशंक ने इन्ही सब मुद्दांे पर हिन्दुस्थान समाचार के उत्तराखंड ब्यूरो प्रमुख धीरेन्द्र प्रताप सिंह से बातचीत की। जिसके संक्षिप्त अंश यहां पेश हैं।

प्रश्न-1ः सरकार के चार साल पूरे हो गए है अब उसे फिर से चुनाव मैदान में जाना है उसकी क्या तैयारियां हैं।

उत्तर- भाजपा सरकार ने चार साल पूरी मेहनत से प्रदेश की जनता के हित के लिए कार्य किया है। जिसका परिणाम है कि जनता का भरोसा हमारी सरकार में बढा है। जहां तक बात चुनावी तैयारियों की है तो हमने शपथ ग्रहण करने के दिन से ही जनता का कार्य किया है। जनता का दुख दर्द महसूस किया है और प्राकृतिक आपदा रही हो या अन्य कोई भी अवसर हमने सीधे जनता से संवाद स्थापित किया है। जिसका उदाहरण हमारी अन्त्योदय विकास यात्रा है जिसके तहत अभी तक मैं स्वंय 34 विधानसभा क्षेत्रों में जा चुका हूं और वहां भाषण देने की बजाय सीधे उनकी समस्याओं को सुनता हूं और उनका वहीं पर निस्तारण करने की भी कोशिश करता हूं। प्रशासनिक स्तर की लापरवाही को मैने कभी बर्दास्त नहीं किया और जिस अफसर के खिलाफ शिकायत मिलती है उसे तत्काल सबक सिखाता हूं। इस अभियान के तहत अभी तक सवा तीन लाख लोगों से संवाद स्थापित कर चुका हूं। सभी 70 विधानसभा सीटों के सात लाख लोगों संवाद स्थापित करने का लक्ष्य है। मेरी विकास यात्राओं में जनता की अच्छी खासी भीड जुट रही है। जिससे सरकार को लेकर जनता का रवैया स्पष्ट दिखता है। रही बात चुनाव की तो 2012 में भाजपा की हर हाल में सत्ता में वापसी सुनिश्चित है।

प्रश्न-2ः सरकार पर लगातार हो रहे न्यायिक हमलों के बारे में आपका क्या कहना है।

उत्तर-देखिए ये राजकाज है। हर सरकार को ऐसे हमले झेलने पडते है कुछ तत्व ऐसे होते है जो सरकार को ऐसे कार्यो में उलझाए रखना चाहते है। लेकिन सरकार ऐसे कुत्सित प्रयत्नों से लडने के लिए हमेशा तैयार रहती है। आप देख सकते है अभी तक सरकार को जिन-जिन मामलों में न्यायालय में घसीटा गया,उस पर झूठे और बेबुनियाद आरोप लगाए गए उन सबका न्यायालय में क्या हश्र हुआ। लेकिन इसके बाद भी सरकार को बराबर ऐसे मामलों में उलझा कर रखने की कोशिश की जा रही है तो इसका हम बुरा भी नहीं मानते ठीक है ये लोकतंत्र है इसमें सबको हमारे कामकाज पर उंगली उठाने का हक है। हम ऐसे आरोपों का व्यक्तिगत स्तर से लेकर न्यायालय तक तथ्यात्मक जवाब देने के लिए तैयार है और इससे हमारा मनोबल नहीं गिरने वाला है।

प्रश्न-3ः सत्ता में वापसी को लेकर आप में जो आत्मविश्वास दिख रहा है उसका क्या आधार है।

उत्तर- देखिए 2009 में हुए लोकसभा चुनाव में पार्टी की हार के बाद आम कार्यकर्ता मायूस और निराश था। लेकिन आज सभी की कडी मेहनत के बाद वहीं कार्यकर्ता पूरे आत्मविश्वास और जोश से भरा हुआ है। कार्यकर्ताओं का यही जज्बा हमारी वापसी का मुख्य आधार है। इसके साथ ही कम समय में सरकार ने प्रदेश का जैसा विकास किया और जनहित की जो योजनाएं लागू की जैसे स्वास्थ्य के क्षेत्र में 108 ने विश्वकीर्तिमान बनाया,अटल खाद्यान्न योजना,अटल आदर्श गांव,मिनी सचिवालय,गौरादेवी कन्या धन योजना,संस्कृत को द्वितिय राजभाषा,आयुष ग्राम की स्थापना,ऑटोमोबाइल क्षेत्र में उत्तराखंड एशिया का नंबर वन राज्य, देश की सबसे बडी फार्मासिटी उत्तराखंड में, पूरे देश में उत्तराखंड पहला ऐसा राज्य जहां मात्र 15 हजार रूप्ए में कोई भी होनहार युवक चिकित्सा की पढाई क र सकता है। प्रदेश के सिडकुल,पिटकुल आदि क्षेत्र मुंबई को भी पीछे छोड रहे है। इन कार्यो का लाभ हमें चुनावों में मिलना तय है।

प्रश्न-4ः प्रदेश में पर्यटन और उद्योग के विकास के लिए सरकार क्या कर रही है।

उत्तर- प्रदेश में पर्यटन और उद्योग के विकास के लिए सरकार पूरी तरह से गंभीर है। पहले भी हमने बताया कि कई क्षेत्रों में आज छोटे राज्य होने के बावजूद हम पूरे देश में नंबर वन है। इसके बावजूद सरकार ने पर्यटन और उद्योग के विकास के लिए अलग अलग योजनाएं बनाईं है। अभी पिछले दिनों नरेन्द्र नगर में केन्द्रीय पर्यटन मंत्री आए थे उनसे भी हमारी वार्ता हुई और उन्होंने हमारे प्रस्तावों पर सहमति प्रदान की है। हमारी योजना उत्तराखंड को धरती के स्वर्ग के रूप में विकसित करने और प्रचारित करने की है। प्रदेश में साहसिक पर्यटन को बढावा देने के लिए 107 निजी और सार्वजनिक क्षेत्र की रिवर राफ्टिंग कंपनियों को परमिट दिया गया है। औली को विश्वस्तरीय शीतक्रीडा का केन्द्र बनाया गया है और टिहरी में अन्तर्राष्ट्रीय स्तर का जल क्रीडा केन्द्र बनाया जा रहा है। इसके साथ ही पर्यटन ग्राम,वीरचंद्र सिंह गढवाली पर्यटन स्वरोजगार योजना,जापान इंटरनेशनल ऑपरेशन एजेंसी के सहयोग से चारों धामों तथ हेमकुंड साहिब यात्रा एवं कैलाश मानसरोवर यात्रा में आधारभूत सुविधाओं के निर्माण और विकास के लिए 25172.55 लाख रूपए की योजनाएं प्रस्तावित है। प्रदेश में कई नए पर्यटन सर्किटों की स्थापना का भी कार्य तेजी से चल रहा है। सरकार ने पर्यटन को रोजगार से जोडा है और पूरे साल देश विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए टै्रकिंग,रीवर राफ्टिंग,स्कीइंग जैसे साहसिक क्रीडा के कार्यक्रमों को प्रोत्साहित कर रही है।सांस्कृतिक पर्यटन के अन्तर्गत इस क्षेत्र में आयोजित होने वाले मेले,त्यौहारों,कुंभ मेला,अर्द्वकुंभ मेला,कावंड मेला,नन्दादेवी राजजात,आदि आयोजनों के व्यापक प्रचार प्रसार से पर्यटकों को आकर्षित किया जा रहा है। पिछले साल हरिद्वार में सपन्न हुए महाकुंभ ने राज्य को पूरी दुनिया में एक अलग पहचान दी है। सरकार के ऐसे प्रयासों से हम जल्द भारत के नंबर वन पर्यटन राज्य बन जाएंगे।

प्रश्न-5ः सरकार के विजन-2020 की बहुत चर्चा है। इसके बारे में कुछ बताएं।

उत्तर- भाजपा सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को वर्ष 2020 में देश का मॉडल स्टेट बनान है। जिसके लिए सरकार पांच सूत्रों समृ़़ध्द उत्तराखंड,शिक्षित उत्तराखंड, स्वस्थ उत्तराखंड,सुस्ंकृत उत्तराखंड और हरित उत्तराखंड को लक्ष्य मानकर कार्य कर रही है। इसके साथ ही हमने कुछ बिंदु तय किये है जिसको विकास का आधार बनाया गया है। जैसे नई पहचान,बढा सम्मान,उत्तराखंड शासन सस्ता राशन,विकास के शिवालय ग्राम सचिवालय,रोजगार के खुले द्वार,सबकी रक्षा सबको सुरक्षा,मां-बेटियों का मान असली सम्मान,तन चंगा,मन गंगा,आयुर्वेद और स्पर्श गंगा,देववाणी के सम्मान से बढा देवभूमि का मान,विकास के द्वारा खोलती सरकार,आओं मिलजुल कर दें आकार,सुराज का संकल्प करें साकार,उत्तरोत्तर बृद्वि बढी समृद्वि और संस्कृति के साथ संस्कार भी। इन विंदुओं को ध्यान में रखकर सरकार आगे बढ रही है।

प्रश्न-6ः प्रदेश में नदियों के संरक्षण को लेकर सरकार कितनी सक्रिय है।

उत्तर- सरकार गंगा,यमुना समेत प्रदेश की छोटी नदियों के संरक्षण के लिए भी गंभीर है। स्पर्श गंगा अभियान के माध्यम से हमने सभी नदियों को स्वच्छ करने का बीडा उठाया है। इसमें जनसहभागिता भी हो तो लक्ष्य जल्दी मिल सकता है। सरकार ने इस अभियान को आम जनता से जोडने के लिए पूरा प्रयास किया है। इसके साथ ही शासन ने हिमालय की उपत्यका में 50 लाख रूपए की लागत से हिमालयी संास्कृतिक केन्द्र बनाने की योजना बनाई है। उत्तरकाशी में आयुर्वेद की विशिष्ट चिकित्सा पद्वति पंचकर्म,क्षारसूत्र आदि से सुसज्जित नवीन पंचकर्म चिकित्सा भवन के निर्माण के साथ ही अत्याधुनिक उपकरण भी उपलब्ध कराएं हैं। आयुष ग्राम की स्थापना का उद्देश्य प्रदेश को हर्बल हब बनाना और उससे रोजगार का श्रृजन करना है। सरकार ने गौवंश के संरक्षण के लिए गोसेवा आयोग बनाया है और गौ आधारित उत्पादों के लिए विशेष छूट प्रदान कर रही है। गौ संरक्षण को रोजगार से भी जोडा जा रहा हैै।

प्रश्न-7ः पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर सरकार ने कई योजनाएं चला रखी है इसका कोई विशेष कारण।

उत्तर- पूर्व प्रधानमंत्री पंडित अटल बिहारी वाजपेयी एक ऐसे प्रधानमंत्री रहे जिन्होंने उत्तराखंड आन्दोलन को भरपूर समर्थन और सहयोग दिया। प्रधानमंत्री बनने पर उन्होंने ही इस राज्य के गठन को मंजूरी दी। उत्तराखंड सरकार उनके इस योगदान के लिए कृतज्ञ है और इसी वजह से वह इन योजनाओं को उनका नाम देकर कृतज्ञता जताती है।

प्रश्न-8ः पार्टी में गुटबाजी चर्चाएं अक्सर होती रहती है इस पर आपकी क्या प्रतिक्रिया है।

उत्तर- पार्टी में किसी भी तरह की कोई गुटबाजी नहीं है। इसी का परिणा है कि हमनें लगातार उपचुनावों में विजय पाई है। कुछ लोग ऐसी अफवाहें फैलाते रहते है जिसपर मैं ध्यान नहीं देता। जहां परिवार बडा होता है वहां कभी कभी कोई छोटी मोटी घटना हो भी जाती है तो उसे गुटबाजी कहना ठीक नहीं होता। पार्टी पूरी तरह एकजुट है हमारे वरिष्ठ नेता लगातार जनता के संपर्क में है और सरकार भी उनके मार्गदर्शन में उनसे मिलने वाले सुझावों पर कार्य करने में कोई कसर नहीं छोड रही है।

प्रश्न-9ः पार्टी विधानसभा चुनाव किसके नेतृत्व में लडेगी और उसकी तैयारियां क्या है।

उत्तर- देखिए मैं आपसे पहले भी कह चुका हूं कि हमें चुनावी तैयारियों की जरूरत ही नहीं है। हम निरन्तर और पुूरी ईमानदारी से जनता का कार्य कर रहे हैं और हमारा काम ही जनता के कार्य को अंजाम देना है। जवाब तो जनता देगी। जहां तक बात किसके नेतृत्व में चुनाव लडन की है तो मैं तो मानता हूं कि चुनाव का नेतृत्व स्वयं जनता करती है। बात भाजपा की करें तो हमारी पार्टी अटल-आडवाणी-गडकरी के नेतृत्व में विश्वास करती है और इन्हीें लोगों के मार्गदर्शन में चुनाव लडा जाएगा।


प्रश्न-10- हिन्दुस्थान समाचार के मंच के माध्यम से जनता को क्या संदेश देना चाहेंगे।

उत्तर- इस मंच के माध्यम से मैं प्रदेश की जनता को सरकार के ड्रीम प्रोजेक्ट विजन-2020 में सहभागी बनने का आमंत्रण देता हूं। जिससे हम वर्ष 2020 में देश को उत्तराखंड के रूप में एक मॉडल स्टेट दे सकें। इसके साथ ही उत्तराखंड को धरती का स्वर्ग बनाने में लोगों के सहयोग की अपेक्षा रखता हूं जिससे पूरी दुनिया को इस देवभूमि पर आने और सबकुछ पाने का आमंत्रण दे सकूं।

प्रस्तुति--धीरेन्द्र प्रताप सिंह ब्यूरो प्रमुख हिन्दुस्थान समाचार उत्तराखंड

0 टिप्पणियाँ:

प्रकाशित सभी सामग्री के विषय में किसी भी कार्यवाही हेतु संचालक का सीधा उत्तरदायित्त्व नही है अपितु लेखक उत्तरदायी है। आलेख की विषयवस्तु से संचालक की सहमति/सम्मति अनिवार्य नहीं है। कोई भी अश्लील, अनैतिक, असामाजिक,राष्ट्रविरोधी तथा असंवैधानिक सामग्री यदि प्रकाशित करी जाती है तो वह प्रकाशन के 24 घंटे के भीतर हटा दी जाएगी व लेखक सदस्यता समाप्त कर दी जाएगी। यदि आगंतुक कोई आपत्तिजनक सामग्री पाते हैं तो तत्काल संचालक को सूचित करें - rajneesh.newmedia@gmail.com अथवा आप हमें ऊपर दिए गये ब्लॉग के पते bharhaas.bhadas@blogger.com पर भी ई-मेल कर सकते हैं।
eXTReMe Tracker

  © भड़ास भड़ासीजन के द्वारा जय जय भड़ास२००८

Back to TOP